नारायणी नमोस्तुते
नारी में दिव्य शक्ति का वरदान देखिये।
जिस पर है सृष्टिकर्ता को अभिमान देखिये!
जिन राक्षसों ने देवता परास्त कर दिये,
नौ रूपों ने नारायणी के ध्वस्त कर दिये,
दुर्गा,भवानी,भगवती,बृह्माणी, वैष्णवी,
इन देवियों की शक्ति का संग्राम देखिए।
नारी में दिव्य शक्ति ————
ललिता,विशाखा,रुक्मिणी,राधा सी नारियां,
इनके ह्रदय में प्यार की अनगिन थीं क्यारियां,
कान्हा की भक्ति में हुई जो प्रेम दीवानी,
मीरा ने किया प्रेम में विष पान देखिये।
नारी में दिव्य शक्ति ————
माता की तरह दूध पिला कर सुला दिए,
उसने त्रिदेव प्यारे-प्यारे शिशु बना दिए,
ममतामयी ,तपस्विनी, सतीत्व की देवी,
अनुसूया के घर आए ये मेहमान देखिए।
नारी में दिव्य शक्ति ———–
प्राणों को पति के ले चला जब मृत्युदेवता,
रो रो के चल दी साथ में सावित्री पतिव्रता,
वर मांगा उसने पुत्रवती होने का यम से,
यमराज से ले आई सत्यवान देखिए।
नारी में दिव्य शक्ति ———–
महलों की रानियों ने जौहर किये अनगिन,
जीते जी जिसने गोरों को छूने न दिया तन,
सुत बांध पीठ पर वो कूदी ऊंचे दुर्ग से ,
महारानी लक्ष्मी बाई का बलिदान देखिए।
नारी में दिव्य शक्ति का वरदान देखिये,
जिस पर है सृष्टिकर्ता को अभिमान देखिये।
गीतकार –अनिल भारद्वाज एडवोकेट,उच्च न्यायालय ग्वालियर








राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के ख्याति प्राप्त लोकप्रिय और प्रतिष्ठित डीएलपी न्यूज़ टीवी, रचना *नारायणी नमोस्तुते* का *दुर्गा नवमी* के पर्व पर श्रेष्ठतम और बेहतरीन प्रकाशन प्रसारण/ प्रसारण किए जाने पर ,संपादक श्रेष्ठ श्री सत्येंद्र तिवारी जी एवं उनके संपादन मंडल का हार्दिक आभार और धन्यवाद। डीएलपी न्यूज़ लगातार सफलता के शिखर पर ऊंचाइयों को छू रहा है।-
गीतकार अनिल भारद्वाज एडवोकेट उच्च न्यायालय ग्वालियर