कृष्णा कॉलोनी में जरख की हलचल से दहशत, रातभर की गई तलाश
बाड़ी की कृष्णा कॉलोनी में मंगलवार रात जरख की मौजूदगी ने लोगों के बीच खौफ का माहौल बना दिया। देर रात कॉलोनी की गलियों में जरख घूमता नजर आया, जिसे मोबाइल कैमरे में कैद किया गया। इस घटना के बाद कॉलोनी के लोग रातभर उसे खोजने में जुटे रहे, लेकिन वह जंगल की ओर भाग गया।
कुत्तों की भौंकने से हुआ शक
मंगलवार रात करीब 1 बजे कॉलोनी निवासी डॉ. आशुतोष शर्मा ने खिड़की से बाहर झांककर देखा, तो जरख गली में घूमता नजर आया। उन्होंने बताया कि कुत्तों और उनके बच्चों के लगातार भौंकने पर उन्हें शक हुआ और उन्होंने बाहर का नजारा देखा। यह घटना उन्होंने अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड की और तुरंत कॉलोनी के अन्य निवासियों को इसकी सूचना दी।
लोगों ने जताई चिंता, वन विभाग पर उठे सवाल
जरख की मौजूदगी को लेकर कॉलोनी में दहशत का माहौल है। स्थानीय पार्षद ठाकुर रुक्मपाल सिंह जादौन ने बताया कि कॉलोनी के पास रेलवे स्टेशन के आसपास जंगल है, जहां जरख और उसके बच्चे अक्सर देखे जाते हैं। उन्होंने वन विभाग पर सवाल उठाते हुए कहा कि करीब एक महीने पहले भी इस मामले की शिकायत की गई थी और पिंजरा लगाया गया था, लेकिन अभी तक जरख को पकड़ने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
वन विभाग को दी गई सूचना
जरख की गतिविधि को देखते हुए डॉ. शर्मा ने वन विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। स्थानीय लोग अब जरख के मूवमेंट को लेकर चिंतित हैं और विभाग से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
ऐसे ही ताजा और सटीक खबरों के लिए जुड़े रहें DLP NewsTV के साथ। हमें सोशल मीडिया पर फॉलो करें:
व्हाट्सऐप पर अपडेट्स पाने के लिए हमारे ग्रुप से जुड़ें: https://chat.whatsapp.com/IIGRgjVmTtS8SKf7HZgTpr




