खेल ध्वजारोहण कर जिला स्तरीय राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलंपिक खेलों का किया आगाज

खेल ध्वजारोहण कर जिला स्तरीय राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलंपिक खेलों का किया आगाज

खेल ध्वजारोहण कर जिला स्तरीय राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलंपिक खेलों का किया आगाज

धौलपुर। जिला स्तरीय राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलंपिक खेलों का आगाज जिला कलक्टर अनिल कुमार अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में आरऐसी मैदान पर संपन्न हुआ। जिला कलक्टर ने खेलों की पताका रोहण कर श्वेत कपोत उडाकर शांति एवं अमन का संदेश दिया। जिला स्तरीय खेलों की शुरुआत जिला कलक्टर की औपचारिक उद्घोषणा के साथ हुई। उन्होंने खिलाडियों को खेल भावना से खेलों में भाग लिये जाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि खेल हमें आपसी मेल एवं सदभाव का मंच प्रदान करते हैं, खेलों में किसी की हार नहीं होती बस श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला खिलाडी अथवा दल विजयी हो जाता है। खेल शारिरिक और मानसिक विकास के साथ सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं।
गांव-गांव, ढाणी-ढाणी, शहर की गली-गली से खेल पतिस्पर्धाओं में भाग लेकर श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए टीमें एवं खिलाडी जिला स्तरीय प्रतियोगिता तक पहुँचे हैं, इसके लिये उन्होंने सभी खिलाडियों को बधाई दी। उन्होंने कहा युवाओं के साथ अधेड़ और बुजुर्गों में भी ओलंपिक खेल को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। बेटियां और महिलाएं भी इसमें भागीदारी निभा रही हैं। जिला खेल अधिकारी वीरी सिंह ने खेल प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि शहरी ओलंपिक खेलों से 99 टीमें एवं ग्रामीण ओलंपिक खेलों से 63 टीमें जिला स्तरीय खेलों के लिये चयनित हुई है। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कृष्णा कुमारी ने बताया कि जिला स्तरीय ओलंपिक खेलों का आयोजन 1 सितंबर से 6 सितंबर तक किया जायेगा।
खेलों को खेल भावना से खेले – डीएम
जिला कलक्टर ने कहा कि खेल का मतलब मनोरंजन होता है हार-जीत उसका दूसरा पहलू है। ऐसे में प्रतियोगिता में भाग ले रहे खिलाड़ी खेल को खेल की भावना एवं अनुशासन के साथ खेलें। खेल शारीरिक और मानसिक विकास करने के साथ-साथ अनुशासन एवं टीम भावना सिखाते हैं।
रस्साकशी खेल से शुरू हुई प्रतियोगिता
जिला स्तरीय राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलंपिक खेलों का आयोजन रस्साकशी खेल से शुरू हुआ। जिला कलक्टर ने सिक्का उछाल कर ब्लॉक बसेडी एवं ब्लॉक धौलपुर की टीमों के मध्य टॉस कराया। ब्लॉक धौलपुर की टीम 2-0 से बेहतर प्रदर्शन करते हुये विजयी रही। इस मौके पर जिला कलक्टर ने कहा कि वयस्क हो चुके खिलाड़ी जिनके नाम मतदाता सूची में नहीं हैं, वे मतदाता सूची में नाम अवश्य जुडवायें। इस अवसर पर जिला संयोजक शांति एवं अहिंसा प्रकोष्ठ धर्मेन्द्र शर्मा, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद शीशराम यादव, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दामोदर लाल मीना समेत तमाम शिक्षा विभाग के अधिकारी शिक्षक व छात्रा-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन गोविंद गुरू द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *